बोकारो में दिनदहाड़े 21.40 लाख रुपये की बड़ी लूट, एटीएम में कैश डालने जा रहे हिटाची कंपनी के कर्मी को धक्का देकर गिराया और बैग लेकर फरार हुए बाइक सवार अपराधी

Share

बोकारो, 17 अक्टूबर। झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए। मनसा सिंह गेट के पास अपराधियों ने एटीएम में नकदी डालने जा रहे निजी कंपनी के एक कर्मी को धक्का देकर बाइक से गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बैंक से नकदी लेकर एटीएम जा रहा था कर्मी

चास की रामनगर कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह हिटाची पेमेंट सर्विसेज कंपनी में काम करते हैं। शनिवार को वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर बालीडीह क्षेत्र के कुर्मीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में नकदी डालने जा रहे थे। वह अकेले बाइक से निकले थे।

धक्का देकर गिराया, फिर बैग छीनकर फरार

विजय कुमार के अनुसार, वह मनसा सिंह गेट के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से पल्सर बाइक पर सवार हेलमेट पहने दो युवक आए। दोनों ने उन्हें धक्का देकर बाइक से गिरा दिया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि उन्हें अंदेशा नहीं था कि कोई उनका पीछा कर रहा है। अचानक हुई घटना के कारण वह संभल नहीं सके और अपराधी वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।

मुख्यालय डीएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

डीएसपी ने बताया कि निजी कंपनी का कर्मी इतनी बड़ी रकम लेकर अकेले बाइक से जा रहा था। उसके साथ कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था और न ही पुलिस को नकदी ले जाने की सूचना दी गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की भी जांच

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम ले जाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। इस संबंध में कर्मी से पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी के अनुसार, लूट की वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच करते हुए आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031