पटना, 26 सितम्बर। बिहार में पिछले कई दिनों से बदला मौसम शनिवार को भी राहत देने के मूड में नहीं है। राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने पटना समेत 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी चंपारण समेत तीन जिलों में भारी बारिश की अधिक संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की सबसे अधिक संभावना है। उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
पटना में भी रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा सीवान, भोजपुर, कैमूर, नवादा, शेखपुरा, रोहतास, सारण, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, लखीसराय, नालंदा, बेगूसराय और गया में भी गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
ढेंगब्रिज में 144 मिलीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। सीतामढ़ी के ढेंगब्रिज में सबसे अधिक 144 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा खगड़िया के बलतारा में 116.2 मिलीमीटर, मधुबनी के झंझारपुर में 110.6 मिलीमीटर, पश्चिमी चंपारण के बगहा में 98.2 मिलीमीटर और खगड़िया शहर में 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को कैमूर में सबसे अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पटना में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री, छपरा में 28.8 डिग्री, भागलपुर में 29.2 डिग्री, पूर्णिया में 28.4 डिग्री, रोहतास में 26.6 डिग्री, दरभंगा में 28 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना में बादल छाए रहने और तेज बारिश के आसार
राजधानी पटना में शनिवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो दौर की तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है।
पटना का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

खराब मौसम का हवाई यातायात पर भी असर
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। शुक्रवार को दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान मौसम की स्थिति के कारण पटना हवाई अड्डे पर नहीं उतर सकी। विमान को सुरक्षित रूप से कोलकाता भेज दिया गया।
वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों पर नहीं रहने की अपील की गई है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेने और ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों तथा बिजली के तारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
27 सितंबर से बारिश में राहत के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 26 सितंबर के बाद राज्य में मूसलाधार बारिश के दौर में कमी आने के संकेत हैं। 27 सितंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में इस अवधि तक सामान्य रूप से 959.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 646.7 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है।






