बिहार के शहरी विकास को नई गति देने की तैयारी, मंत्री नीतीश मिश्रा ने संभाला पदभार

Share

पटना: बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने गुरुवार को विकास भवन स्थित विभागीय कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस दौरान विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

पदभार ग्रहण करने के बाद मंत्री ने कहा कि राज्य के नगर निकायों में लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है और राज्य का शहरीकरण अब लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। ऐसे में योजनाबद्ध और दूरदर्शी शहरी विकास की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की पहचान उसके शहरों से होती है और बिहार आने वाले लोगों पर सबसे पहला प्रभाव पटना समेत अन्य शहरों का पड़ता है। सरकार की कोशिश होगी कि राज्य के सभी 264 नगर निकायों को आवश्यक सहयोग और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि वे स्थानीय स्तर पर बेहतर कार्य कर सकें।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के लिए स्थलों की पहचान की जा चुकी है। इसे राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल बताया गया। उन्होंने कहा कि इन टाउनशिप का विकास विभाग की प्राथमिकता होगी, वहीं रोहतास में भी एक नए प्रस्ताव पर विचार चल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शहरों के मास्टर प्लान तैयार किए जाएंगे, ताकि नागरिक सुविधाओं का बेहतर विस्तार किया जा सके। विभाग वेस्ट मैनेजमेंट, बिजली व्यवस्था, सिटी सर्विलांस, स्वच्छता और आधुनिक शहरी सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम करेगा।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर विभाग के सचिव संदीप आर. पुडकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, विशेष सचिव राजीव कुमार श्रीवास्तव, अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930