भागलपुर, 14 अगस्त । जिले के बिहपुर प्रखंड में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक इंजीनियर शैलेंद्र के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब सवा दो किलोमीटर लंबी यात्रा एसडी कॉलेज, गौरीपुर से शुरू होकर बभनगामा स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर प्रांगण तक पहुंची। पूरी यात्रा के दौरान क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगे के साथ गूंजे भारत माता की जय के नारे
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा था और पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजता रहा। देशभक्ति गीतों की धुनों ने माहौल को और भी राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्कूली बच्चे, शिक्षक, जीविका दीदियां, NCC कैडेट, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
‘तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक’
मुख्य अतिथि पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।
उन्होंने आम लोगों से राष्ट्रीय गौरव को बनाए रखने और देश के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
युवा पीढ़ी में मजबूत होगी राष्ट्रप्रेम की भावना
मौके पर मौजूद एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा महज एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव, कर्तव्य और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत होती है।
अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
आयोजन में डीसीएलआर शैलेंद्र सिंह, प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) रंजना झा, एसडी कॉलेज भागलपुर के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अरविंद सिंह, गौरीपुर एसडी कॉलेज के प्राचार्य धनंजय मिश्र, एसडीपीओ अनिकेत अमर, बीडीओ अभिनव भारती और सीओ अदिति रंजन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा इंस्पेक्टर महेश कुमार सिंह, बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष शर्मा, झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, कार्यक्रम संयोजक प्रभुनंदन चौधरी, प्रो. गौतम, अजय सिंह, मुकेश राणा, अरुण सिंह, प्रो. प्रेरणा प्रियदर्शनी, प्रो. उषा मिश्रा और कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग भी यात्रा में शामिल हुए।






