पूर्वी सिंहभूम, 02 सितंबर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के चौक बाजार में मंगलवार देर रात बाइक में टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी और मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप सामने आया, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बाइक में टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, चौक बाजार में छपरहिया मोहल्ला निवासी उज्ज्वल ठाकुर और बागबेड़ा रिवर व्यू कॉलोनी निवासी शुभम ठाकुर बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। स्थिति बिगड़ती देख स्प्लेंडर सवार दोनों युवक बाइक लेकर गद्दी मोहल्ले की ओर निकलने लगे। इसी दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष जुगसलाई थाना पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी ने भी थाने पहुंचकर ली जानकारी
सूचना मिलने पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार भी जुगसलाई थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया।
डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि चौक बाजार में बाइक में टक्कर लगने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है, लेकिन घटनास्थल से अब तक कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है।
फायरिंग की पुष्टि के लिए जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ घटना में शामिल युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस फायरिंग के आरोप की भी जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






