पटना, 02 सितंबर। बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, गांव के युवक लाली कुमार ने शराब में जहर मिलाकर चार युवकों को पिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि लाली अपनी बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर नाराज था और इसी कारण उसने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के अनुसार, मृतकों में शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशु कुमार (30) शामिल हैं। पुलिस ने मामले में लाली कुमार समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य युवक की तलाश जारी है।
शराब पीते ही बिगड़ी चार युवकों की हालत
घटना 30 अगस्त की शाम की बताई गई है। बेढ़ना गांव में पांच लोग शराब और मछली की पार्टी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के कुछ ही देर बाद चार युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर गिर पड़े।
पार्टी में शामिल लाली कुमार ने शोर मचाकर ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। इसके बाद चारों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ ले जाया गया। वहां उनकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पटना रेफर कर दिया।
मुंह से निकल रहा था झाग, हालत थी बेहद गंभीर
बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर के अनुसार, चारों युवकों की हालत बेहद गंभीर थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद मामले की जांच तेज की गई।
बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर रची गई साजिश : पुलिस
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के बाद एसडीपीओ, बाढ़-2 के नेतृत्व में 15 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को मामले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एंगल मिला।
पुलिस के अनुसार, लाली कुमार की बहन का मृतक निशु कुमार के साथ प्रेम प्रसंग था। इस बात को लेकर लाली के कुछ दोस्त उसे कथित तौर पर चिढ़ाते थे। पुलिस का दावा है कि इसी से नाराज होकर लाली ने निशु से बदला लेने की योजना बनाई और शराब पार्टी आयोजित की।
शराब में जहर मिलाने का आरोप, तीन गिरफ्तार
ग्रामीण एसपी के मुताबिक, लाली ने कथित तौर पर अपनी बहन के प्रेमी निशु कुमार और उसके दोस्तों को शराब पार्टी में बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान उसने शराब में जहर मिला दिया और चारों को पिला दिया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में लाली कुमार और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक आलू विक्रेता बताया गया है, जो सब्जी के साथ शराब भी बेचता था। घटना में शामिल तीसरा आरोपित नाबालिग बताया गया है। वहीं, सन्नी कुमार नामक एक अन्य युवक की पुलिस तलाश कर रही है।
जहरीली शराब की आशंका से ग्रामीणों में आक्रोश
चार युवकों की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने जहरीली शराब से मौत की आशंका जताते हुए थाने का घेराव भी किया था। हालांकि पुलिस की जांच में अब इसे शराब में कथित तौर पर जहर मिलाकर पिलाने की घटना बताया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।






