—भारत मंडपम में 2 से 5 नवंबर तक आयोजित हो रहा वैश्विक सम्मेलन, 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 40 से ज्यादा मंत्री ले रहे हिस्सा
नई दिल्ली/पटना, 02 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विशेष रूप से शामिल हुए। 2 से 5 नवंबर तक ‘निवेश करें, नवाचार करें, प्रेरित करें’ की थीम पर आयोजित यह चार दिवसीय वैश्विक सम्मेलन अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने पर केंद्रित है।
वैश्विक मंच पर जुटेंगे नीति-निर्माता और निवेशक
सम्मेलन में दुनिया भर के नीति-निर्माता, निवेशक, वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां भाग ले रही हैं। आयोजन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता हो रही है, जिनमें 40 से ज्यादा मंत्री भी शामिल हैं।
यह वैश्विक सम्मेलन स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक भागीदारी और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों के प्रतिनिधि अक्षय ऊर्जा से जुड़ी नई तकनीकों, अनुभवों और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
कई देश और राज्य कर रहे हैं सहभागिता
भारत मंडपम में आयोजित इस सम्मेलन में ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और यूनाइटेड किंगडम कंट्री पार्टनर के रूप में शामिल हो रहे हैं।
इसके अलावा 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भी अपनी अक्षय ऊर्जा क्षमता, निवेश के अवसरों और विनिर्माण क्षेत्र की संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए सहभागिता की है। इनमें बिहार के साथ आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।
सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया पर साझा की भागीदारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्मेलन में अपनी सहभागिता की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन और संबोधन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह वैश्विक आयोजन स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और निवेश के नए अवसरों को गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विदेश के विशेषज्ञों और निवेशकों का यह संगम आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करेगा।
बिहार की ऊर्जा क्षमता को मिलेगा वैश्विक मंच
इस वैश्विक आयोजन में बिहार की सक्रिय भागीदारी राज्य की अक्षय ऊर्जा क्षमता, औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर दे रही है। सम्मेलन के जरिए राज्य स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ ही तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी के नए अवसर तलाश सकता है।
बिहार के लिए यह आयोजन अपनी ऊर्जा संबंधी संभावनाओं और विकास की योजनाओं को वैश्विक निवेशकों एवं उद्योग जगत के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच है।






