—लोक भवन में विद्यार्थियों को दिया मेहनत, आत्मविश्वास और जिज्ञासा के साथ आगे बढ़ने का संदेश, उद्यान का भी कराया भ्रमण
रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन में स्कूली विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, लगातार मेहनत करने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद दृढ़ संकल्प और मेहनत से सफलता हासिल की जा सकती है।
कार्यक्रम में गंगा प्रसाद बुधिया सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मोरहाबादी के छात्र और श्री शिव नारायण मारवाड़ी कन्या मध्य विद्यालय, रांची की छात्राएं शामिल हुईं।
मां ने कठिन परिस्थितियों में कराया पालन-पोषण और शिक्षा
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने अपने जीवन के संघर्षों की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि जब वह केवल एक वर्ष के थे, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी माता ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और उन्हें शिक्षा दिलाई।
राज्यपाल ने बच्चों से कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने की सलाह दी।
सवाल पूछने से बढ़ता है ज्ञान और आत्मविश्वास
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान जिज्ञासु बने रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी विषय को समझने में परेशानी हो तो शिक्षकों और सहपाठियों से सवाल पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए। सवाल पूछने से ज्ञान बढ़ता है और आत्मविश्वास मजबूत होता है।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और इच्छाशक्ति के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
कल्पतरु, रुद्राक्ष और सिंदूर के पौधों की बताई विशेषताएं
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चों को लोक भवन उद्यान में लगे विभिन्न खास पौधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कल्पतरु, रुद्राक्ष और सिंदूर समेत कई पौधों की विशेषताओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इसके बाद बच्चों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण किया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को अच्छे नागरिक बनने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया।






