पलामू। भ्रष्टाचार निराेधक ब्यूराे (एसीबी) की पलामू इकाई ने छतरपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर सिलदाग पंचायत के रोजगार सेवक सुनील कुमार को छह हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
मेदिनीनगर कार्यालय लाने के बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर राेजगार सेवक काे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रोजगार सेवक की गिरफ्तारी के साथ एसीबी पलामू ने इस वर्ष का चौथा ट्रैप केस पूरा कर लिया है।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार छतरपुर प्रखंड के सिलदाग गांव में दो महिलाओं के नाम से ग्राम सभा के माध्यम से दीदी बड़ी योजना प्रस्तावित हुई थी। योजना की स्वीकृति देने के लिए रोजगार सेवक ने छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। लाभुक घूस देकर काम नहीं करना चाहते थे और उन्होंने इसकी लिखित शिकायत एसीबी पलामू कार्यालय में कर दी। शिकायत को सही पाकर कार्रवाई के लिए टीम तैयार की गई और शुक्रवार को पीड़ित के साथ सिलदाग भेजा गया। यहां जैसे ही रोजगार सेवक सुनील ने घूस की राशि ली उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।





