मुंबई। नासिक जिले के डिंडोरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई। अनियंत्रित कार देर रात कुएं में गिर गई, जिससे मौके पर ही सभी की मौत हो गई।
कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दरगोड़े परिवार शिवाजी नगर स्थित एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी।
रात में रेस्क्यू में आई दिक्कत, सुबह निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कुआं पानी से भरा होने और अंधेरा होने के कारण रात में राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। शनिवार सुबह क्रेन की मदद से डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने कार और सभी शवों को बाहर निकाला।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
हादसे में सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े (35), रेशमा दरगोड़े (33) सहित परिवार के अन्य सदस्य—राखी, आशा, माधुरी, श्रावणी, सृष्टि (16), श्रेयश (11) और समृद्धि (7) की मौत हो गई।
गांव में शोक की लहर
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





