–हथियार बरामदगी के लिए टुंडी ले जाने के दौरान सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप
धनबाद, 14 अक्टूबर । धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान देर रात पुलिस और आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, शंकर डे राम प्रताप प्रसाद की हत्या के मामले में संदिग्ध है।
मैथन से गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामदगी के लिए ले गई थी पुलिस
ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में राम प्रताप प्रसाद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से लापता हैं। शिकायत में शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह भी जताया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध मैथन के आसपास मौजूद है। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शंकर डे उर्फ पिंकू डे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए टुंडी के मनियाडीह क्षेत्र में ले गई थी।
पुलिस का दावा, पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश में की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, मनियाडीह ले जाने के दौरान आरोपित ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपित के पैर में लगी। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान शंकर डे ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या की बात स्वीकार की थी। हालांकि, मामले में आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई जारी है।
लूट की रकम के विवाद में हत्या का आरोप
ग्रामीण एसपी के अनुसार, जून महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना को राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस का आरोप है कि लूट की रकम के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद में शंकर ने राम प्रताप को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मनियाडीह क्षेत्र से पहले एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को हत्या में शंकर डे की कथित संलिप्तता के संकेत मिले।
आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच
फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ आरोपित की आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित वारदातों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, शंकर डे के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी।






