धनबाद में पुलिस मुठभेड़, प्रिंस खान के भाई गोपी खान के दो गुर्गे घायल; तीसरा अपराधी फरार

Share

धनबाद, 18 अगस्त । झारखंड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस खान के भाई गोपी खान के दो कथित गुर्गों के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान वासेपुर नूरी मस्जिद रोड निवासी 35 वर्षीय इरफान आलम उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी 36 वर्षीय नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के रूप में हुई है। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल भी बरामद किए हैं।

लेवी वसूली की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:15 बजे सूचना मिली थी कि गोपी खान के कुछ गुर्गे लेवी वसूलने के लिए बरवाअड्डा इलाके में आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम को अलर्ट किया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।

इसी दौरान पुलिस टीम ने बाइपास रोड से कुर्मीडीह होते हुए निरंकारी चौक की ओर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को आते देखा। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की ओर से चलाई गई एक गोली गश्ती वाहन के आगे के शीशे पर भी लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की।

दो अपराधियों के पैर में लगी गोली

पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाइक सवार इरफान आलम और नाजिर अंसारी के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। वहीं, उनके साथ मौजूद तीसरा संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मौके से दो पिस्टल बरामद किए गए हैं।

आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मोहम्मद एस. याकूब भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कुर्मीडीह-निरंकारी चौक मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया और घटनास्थल की जांच शुरू की।

मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए रांची से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इरफान पर पहले से कई मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, घायल इरफान आलम उर्फ टुन्ना के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस का दावा है कि वह आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

वहीं, नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे पिछले कुछ समय से इरफान के साथ सक्रिय था। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे सोमवार रात किस व्यक्ति या कारोबारी से लेवी वसूलने जा रहे थे।

मोबाइल में गोपी खान से बातचीत के साक्ष्य मिलने का दावा

पुलिस को दोनों आरोपितों के मोबाइल फोन से गोपी खान से बातचीत के साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है। जांच एजेंसी इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि कथित लेवी वसूली के लिए दोनों को किस तरह के निर्देश दिए जा रहे थे।

पुलिस अब फरार तीसरे आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मुठभेड़ से पहले तीनों किसके संपर्क में थे और लेवी वसूली के लिए उनका वास्तविक निशाना कौन था।

घटना के बाद बरवाअड्डा और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले में आपराधिक नेटवर्क और लेवी वसूली से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031