रांची। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने विशेष तैयारी की है। इसके तहत रांची समेत राज्य के छह क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी संशोधित आदेश के अनुसार, अतिरिक्त जवान 14 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक ड्यूटी पर रहेंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए लगाया जाएगा।
पांच क्षेत्रों में 50-50 जवानों की तैनाती
पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार, रांची, पलामू और बोकारो में प्रशिक्षित लाठी बल के 50-50 जवान तैनात किए गए हैं। रांची में जैप-6, पलामू में जैप-1 और बोकारो में जैप-6 के जवानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, हजारीबाग में एसआईआरबी-2 के 50 जवान और चाईबासा में जैप-6 के 50 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा दुमका में जैप-1 की आरएपी-5 कंपनी को अस्थायी कैंप के साथ तैनात किया गया है।
रांची में 50 जवान रिजर्व, डोरंडा में बनेगा अस्थायी कैंप
पुलिस मुख्यालय ने रांची में 50 लाठी बल के जवानों को रिजर्व में रखने का भी फैसला लिया है। इन जवानों का अस्थायी कैंप डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में बनाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इनकी तत्काल तैनाती की जा सकेगी।
पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान प्रमुख पूजा पंडालों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अतिरिक्त बल की तैनाती का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, सभी अतिरिक्त जवान 23 अक्टूबर तक ड्यूटी पर रहेंगे। त्योहार के दौरान भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार इनकी सेवाएं ली जाएंगी।






