मुंबई, 13 जुलाई । महाराष्ट्र के पुणे जिले में सासवड-जेजुरी रोड स्थित बेलसर टोल बूथ के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने सात वारकरियों (तीर्थयात्रियों) को कुचल दिया। हादसे में तीन महिला वारकरियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जेजुरी के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। मामले की जांच पुणे ग्रामीण पुलिस कर रही है।
बेलसर टोल बूथ के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, जेजुरी क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर जा रहे वारकरियों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान नंदा पवार (60), माधवी राजाराम सालगारे (55) और राजश्री शंकर भोसले (55) के रूप में की है। तीनों महिलाएं महाराष्ट्र के सांगली जिले की निवासी थीं।
ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने किया घटनास्थल और अस्पताल का दौरा
घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उच्च स्तरीय जांच के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी अधिकारी या अन्य व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार वारकरियों की यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






