पटना: सावन की तीसरी सोमवारी पर पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित रानीसराय गंगा घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान एक ही परिवार के सात बच्चे डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चियों के शव बरामद किए गए हैं। दो बच्चे अभी भी लापता हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए बच्चों में चार लड़कियां और तीन लड़के शामिल हैं। लड़कियों में राधिका कुमारी (17), नंदनी कुमारी (15), बबली कुमारी (12) और आरती कुमारी (21) के नाम सामने आए हैं। नंदनी और राधिका के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि बबली और आरती की तलाश जारी है।
गंगा घाट पर उमड़ी थी भारी भीड़
सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण सुबह से ही रानीसराय गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बच्चे नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
प्रत्यक्षदर्शी रॉकी कुमार के अनुसार, स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की। स्थानीय गोताखोरों ने तीन बच्चों को बचा लिया, जबकि चार बच्चे नदी में डूब गए।

एसडीआरएफ और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश शुरू की गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जो नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना के बाद घाट पर मातम का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।






