झारखंड में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी, अगले तीन दिनों में 2–3 डिग्री तक गिरेगा तापमान

Share

रांची: झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शीतलहर और सुबह-शाम छा रहे घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने 30 दिसंबर की सुबह तक राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है।

अलग-अलग इलाकों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 23 दिसंबर की सुबह राज्य के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। वहीं 24 दिसंबर को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में सुबह के समय घने कोहरे की संभावना है।

रांची समेत आसपास के इलाकों का हाल

राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में 23 दिसंबर को सुबह मध्यम कोहरा रहेगा, जिसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। इस दिन अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं 24, 25, 26 और 27 दिसंबर को भी सुबह कोहरा या धुंध छाने के बाद दिन में मौसम साफ रहेगा। इन दिनों रांची का अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

ठंड बढ़ने की वजह

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर पश्चिमी से उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रभावी हैं। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। इसी कारण राज्य में ठंड और कोहरे की स्थिति बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी इसका असर जारी रह सकता है।

कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति

राज्य के कई हिस्सों में आज सुबह घना कोहरा देखा गया। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति भी दर्ज की गई।
बीते 24 घंटों में चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोहरदगा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

प्रमुख शहरों का तापमान

  • रांची: अधिकतम 23.7, न्यूनतम 9.5 डिग्री
  • जमशेदपुर: अधिकतम 25.5, न्यूनतम 12.4 डिग्री
  • डालटनगंज: अधिकतम 19.0, न्यूनतम 7.5 डिग्री
  • बोकारो थर्मल: अधिकतम 23.2, न्यूनतम 9.5 डिग्री

अन्य जिलों में खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.0, लातेहार में 9.1, सरायकेला में 10.5 और लोहरदगा में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, सुबह के समय वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031