नई दिल्ली, 11 अगस्त : झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान सत्ता पक्ष के सांसदों ने छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संसद में चर्चा से बचने और बार-बार मुद्दे बदलकर गतिरोध बनाए रखने का आरोप लगाया।
बैनर लेकर मकरद्वार की ओर पहुंचे सांसद
संसद सत्र के दौरान राजग सांसदों की साप्ताहिक बैठक के बाद सभी सांसद हाथों में बैनर लेकर संसद के मकरद्वार की ओर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने नारेबाजी भी की।
सांसदों के हाथों में मौजूद बैनरों पर लिखा था, ‘झारखंड में छात्रों पर हुए अत्याचार पर राहुल गांधी जवाब दो।’ वहीं प्रदर्शनकारी सांसद ‘राहुल गांधी चर्चा करो, भागो मत’ जैसे नारे लगाते नजर आए।
संबित पात्रा बोले- कांग्रेस समर्थन वापस ले
भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी को झारखंड के मुद्दे पर राज्य सरकार से कांग्रेस का समर्थन वापस लेना चाहिए। उन्होंने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की।
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार मुद्दे बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस विषय पर वक्तव्य देने को तैयार हैं, लेकिन विपक्ष सदन को चलने नहीं देना चाहता।
निशिकांत दुबे ने देवेंद्र नाथ महतो का मुद्दा उठाया
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। उन्होंने झारखंड में तैनात एक अधिकारी के व्यवहार पर भी सवाल उठाया और मामले में कार्रवाई की मांग की।
अनुराग ठाकुर बोले- छात्रों को मिले न्याय
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने और संसद में इस विषय पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया।
चिराग पासवान ने विपक्ष पर लगाया गतिरोध का आरोप
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष लगातार अपनी मांग बदल रहा है।
राजग सांसदों ने कहा कि झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा संसद में उठाया जाना चाहिए और सरकार इस पर चर्चा के लिए तैयार है।






