जेपीएससी-जेएसएससी में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा ने घेरा उपायुक्त कार्यालय; छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और निष्पक्ष जांच की मांग

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 12 सितंबर । जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितता तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा ने शनिवार को चाईबासा में उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग की।

जुलूस निकालकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ता

भाजपा कार्यकर्ता सर्किट हाउस के पास एकत्र हुए और जुलूस की शक्ल में विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं के हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां थीं। इस दौरान उन्होंने नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और उनकी मांगों पर सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की।

उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शन सभा में बदल गया। सभा के बाद भाजपा नेताओं ने तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।

मुकदमों से नहीं, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था से मिले जवाब : जायसवाल

भाजपा के जिला प्रभारी विनय जायसवाल ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन नियुक्ति परीक्षाओं की विश्वसनीयता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के सवालों का जवाब मुकदमों और प्राथमिकी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था से दिया जाना चाहिए।

गड़बड़ी का असर छात्रों के साथ परिवारों पर भी : मधु कोड़ा

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि रोजगार की उम्मीद में गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई पर वर्षों तक मेहनत और पैसा खर्च करते हैं। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी का असर केवल छात्रों पर नहीं, बल्कि उनके परिवारों पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि जांच में किसी अधिकारी, बिचौलिए या गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और जेपीएससी-जेएसएससी समेत सभी नियुक्ति परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जेबी तुबिद ने सरकार से छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

‘युवा अपना अधिकार मांग रहे हैं, भीख नहीं’

पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कहा कि झारखंड के युवा अपना अधिकार मांग रहे हैं, भीख नहीं। उन्होंने कहा कि रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और तेज किया जाएगा। उन्होंने चक्का जाम और बंद जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की चेतावनी भी दी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

सभा को मालती गिलुआ और विजय गागराई ने भी संबोधित किया। मौके पर महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ, चंदन झा, सनी पासवान, हेमंत केसरी, तीरथ जामुदा, अंजन प्रधान, रानी बंदिया, गुल्लू कुमार, राकेश पोद्दार, राकेश शर्मा, चंद्र मोहन तिऊ और रूपा सिंह दास समेत विभिन्न मंच-मोर्चा और मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930