जमशेदपुर के कारोबारी की गोली मारकर हत्या, चार गोलियां लगने से मौत; जांच में जुटी पुलिस

Share

पूर्वी सिंहभूम, 24 अगस्त । सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार को हथियारबंद अपराधियों ने जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक (33) की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने कांदरबेड़ा के पास होटल थेमाइट स्टोन के समीप उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हमले में निखार के शरीर में चार गोलियां लगीं।

कारोबारी काम से कांदरबेड़ा पहुंचे थे निखार

बताया जाता है कि निखार सबलोक कारोबारी काम से चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस अपराधियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

घटना के बाद उनके साथियों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निखार जमशेदपुर के कदमा स्थित विजया हेरिटेज के निवासी बताए गए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर किस वाहन से घटनास्थल तक पहुंचे थे और हत्या के बाद किस दिशा में फरार हुए।

हत्या के कारणों की भी जांच

चांडिल थाना प्रभारी एसके तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।

निखार सबलोक जमशेदपुर में कारोबारी गतिविधियों से जुड़े थे। होटल समेत कई कारोबार से उनके जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फिलहाल व्यावसायिक विवाद, आपसी रंजिश समेत हत्या के अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31