चतरा। सीसीएल के आम्रपाली कोल परियोजना में चौथे फेज में कोल उत्पादन करने उतरी नागार्जुन कंपनी के एक वोल्वो को अपराधियों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वाहन फूंकने के बाद नागार्जुन के वर्करों को काम न करने की चेतावनी दी है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही रविवार काे टंडवा इंस्पेक्टर अनिल उरांव घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल पर न किसी उग्रवादी संगठन और न ही अपराधिक संगठन का लिखित पर्चा मिला। जानकारी के अनुसार नागार्जुन कंपनी कोयला उत्पादन के लिए कुमडाग के जंगलों में ओबी का उत्पादन कर रही है। शनिवार की रात ओबी लेकर वोल्वो हाइवा वाहन जैसे ही आगे बढ़ा कि पांच अपराधियों ने हाइवा ड्राइवर अमिताभ को नीचे उतार कर आग लगा दी।
इस घटना से नागार्जुन कंपनी के कैंप में खौफ पसरा हुआ है। कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर रही है।





