गिरिडीह में भीषण हादसा: तीन ट्रकों में लगी आग, दो जिंदा जले

Share

गिरिडीह। दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को कुलगो टोल प्लाजा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन मालवाहक ट्रकों में आग लग गई, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद भड़की आग

घटना डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो के समीप की है। जानकारी के अनुसार, दो ट्रक पहले से सड़क किनारे खड़े थे, जिनमें चालक और खलासी सो रहे थे। इसी दौरान बगोदर से डुमरी की ओर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आकर खड़े ट्रकों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ट्रकों में आग लग गई।

दमकल की टीम ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग शांत होने के बाद एक ट्रक से दो जले हुए शव बरामद हुए, जो चालक और खलासी के होने की आशंका है।

कोयला और गुड़ लदे थे ट्रक

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ट्रकों में कोयला और गुड़ लदा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी तरह विकराल रूप ले लिया।

गैस सिलेंडर से आग लगने की आशंका

डुमरी के एसडीपीओ सुमित कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि गुड़ लदे ट्रक में खाना बनाने के लिए रखा गैस सिलेंडर आग लगने का कारण हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ट्रकों के चेसिस नंबर के आधार पर वाहन और मृतकों की पहचान करने में जुटी है। मौके पर एसडीएम सुमित कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31