गयाजी सर्किट हाउस में एसी ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, विदेश मंत्रालय के निदेशक बाल-बाल बचे

Share

—वीवीआईपी कमरे में विस्फोट के बाद लगी आग, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जताई चिंता और उच्चस्तरीय जांच की मांग की

गयाजी, 21 अक्टूबर बिहार के गयाजी स्थित सर्किट हाउस में बुधवार दोपहर एसी में विस्फोट के बाद आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना सर्किट हाउस के कमरा संख्या तीन में हुई। संयोग से बगल के कमरा संख्या दो में ठहरे विदेश मंत्रालय के निदेशक मनोज कुमार और उनकी पत्नी सुरक्षित रहे। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एसी में विस्फोट के बाद कमरे में भर गया धुआं

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर सर्किट हाउस के कमरा संख्या तीन में अचानक एसी में विस्फोट हुआ और आग लग गई। विस्फोट के बाद कमरे से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। इससे सर्किट हाउस में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

कमरा बदलने के कारण सुरक्षित रहे विदेश मंत्रालय के निदेशक

सर्किट हाउस के कमरा संख्या तीन के बगल में स्थित कमरा संख्या दो में विदेश मंत्रालय के निदेशक मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ ठहरे हुए थे। वे गयाजी में पूजा-पाठ करने आए थे। प्रशासन की ओर से उन्हें पहले कमरा संख्या तीन आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा से कमरा संख्या दो चुन लिया था।

मनोज कुमार ने बताया कि संयोग से उन्होंने आवंटित कमरा नहीं लिया और दूसरे कमरे में ठहरे। इसके बाद कमरा संख्या तीन में विस्फोट की घटना हो गई। उन्होंने कहा कि यह भगवान की कृपा है कि उन्हें और उनके परिवार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर पाया काबू

अग्निशमन विभाग के जिला सहायक पदाधिकारी नमीन कुमार ने बताया कि एसी में विस्फोट के कारण कमरा संख्या तीन में आग लगी थी। पूरे कमरे में धुआं भर गया था, लेकिन अग्निशमन टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लिया जायजा

घटना के समय बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार भी सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विदेश मंत्रालय के निदेशक मनोज कुमार से मुलाकात कर उनका और उनके परिवार का कुशलक्षेम जाना।

वीवीआईपी कमरे में घटना पर जताई चिंता, जांच की मांग

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने घटना पर चिंता जताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस का यह वीवीआईपी कमरा है, जहां न्यायाधीश और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण लोग ठहरते हैं। ऐसे में एसी में विस्फोट के बाद आग लगने की घटना गंभीर है।

उन्होंने जिला प्रशासन से वीवीआईपी व्यवस्था में संभावित खामियों की जांच कराने और घटना के कारणों का पता लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031