गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में रील बनाने के दौरान सोन नदी में डूबने से दो लड़कियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी लड़की को ग्रामीणों ने बचा लिया। हादसे के तीन दिन बाद भी खुशबू कुमारी का पता नहीं चल सका है। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश जारी है।
जल भरने गई थीं, नदी में बनाने लगीं रील
घटना केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव की है। बताया गया कि सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर तीन लड़कियां सोन नदी से जल भरने गई थीं। इसी दौरान वे नदी में रील बनाने लगीं।
अचानक तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि जूली कुमारी और खुशबू कुमारी तेज धार में बह गईं।
10 किलोमीटर दूर मिला जूली का शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने सोन नदी में बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद जूली कुमारी का शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर कांडी थाना क्षेत्र के श्रीनगर के पास सोन नदी के किनारे बरामद किया गया।
वहीं, खुशबू का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उसके परिजन अलग-अलग घाटों पर उसकी तलाश कर रहे हैं। स्थानीय गोताखोर भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं।
विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम लगाने की मांग
खुशबू के परिजनों ने प्रशासन से खोज अभियान तेज करने और विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम उपलब्ध कराने की मांग की है।
इधर, जेएमएम नेता दीपक प्रताप देव केतार पहुंचे और जूली के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने जिला प्रशासन से लापता खुशबू की तलाश के लिए पर्याप्त संसाधन और विशेषज्ञ गोताखोर उपलब्ध कराने की अपील की।
फिलहाल सोन नदी में खुशबू की तलाश जारी है और परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।






