खूंटी में आठ माह की गर्भवती युवती की हत्या, जंगल से मिला शव; अजन्मे बच्चे को स्वीकारने का दबाव बना रहा था प्रेमी, आरोपी गिरफ्तार

Share

खूंटी, 07 सितंबर । जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में आठ माह की गर्भवती 19 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। युवती का शव रविवार को पंगुरा गांव के जंगल से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में कथित दोहरे हत्याकांड की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए युवती के प्रेमी सागर ओड़ेया (20) को गिरफ्तार किया है।

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार, मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और करीब दो वर्षों से पंगुरा गांव निवासी सागर ओड़ेया के साथ उसका प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। बताया जा रहा है कि वह सागर से खुद के साथ-साथ अजन्मे बच्चे को भी स्वीकार करने और अपने साथ रखने की मांग कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक, इसी बीच सागर ने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी। करीब दो महीने पहले उसने कथित तौर पर ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रखना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

बच्चे के हक की मांग को लेकर पहुंची थी प्रेमी के घर

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को युवती अपने होने वाले बच्चे के हक की मांग को लेकर सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर खोजबीन तेज कर दी गई।

जंगल में मिला युवती का शव

रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का दावा- पूछताछ में हत्या की बात कबूली

मुरहू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि युवती के साथ उसका विवाद चल रहा था। इसी विवाद से बचने के लिए वह उसे बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी।

साक्ष्यों और आरोपी के बयान का सत्यापन जारी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के तरीके, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी के बयान का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930