किशनगंज, 26 सितंबर। दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास युवती के साथ मारपीट और अभद्रता के पुराने वायरल वीडियो मामले में किशनगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने शनिवार को दो और प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित घटना के बाद राज्य से बाहर रह रहे थे और वापस लौटने पर पुलिस ने उन्हें ट्रैक कर गिरफ्तार किया।
इस मामले में अब तक तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
कर्नाटक और गुजरात में रह रहे थे आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मिनाज उर्फ सलमान और अफसर आलम उर्फ हती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मिनाज कर्नाटक में रह रहा था, जबकि अफसर आलम गुजरात में था।
दोनों के वापस लौटने की सूचना मिलने के बाद एसआईटी ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने मिनाज को पूर्णिया एयरपोर्ट और अफसर आलम को बागडोगरा एयरपोर्ट के आसपास ट्रैक किया। इसके बाद दोनों को किशनगंज क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया।
25 सितंबर को एक अन्य आरोपित हुआ था गिरफ्तार
इससे पहले पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शहजाद को 25 सितंबर को दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, तीनों गिरफ्तार आरोपित दिघलबैंक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि 24/25 सितंबर की देर रात तुलसिया हॉल्ट के पास युवती के साथ मारपीट का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली थी। वीडियो के अवलोकन और तकनीकी जांच के बाद घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की गई।
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
आरोपितों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ करने के साथ-साथ मामले में अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
अफवाह और अपुष्ट वीडियो प्रसारित नहीं करने की अपील
पुलिस ने लोगों से मामले को लेकर अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट वीडियो या सूचना को प्रसारित नहीं करने का अनुरोध किया है।






