भुवनेश्व। ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में सोमवार तड़के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई। कई अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए।प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, आग सुबह करीब 2:30 बजे पहली मंजिल पर लगी। आशंका है कि बिजली का शॉर्ट सर्किट कारण हो सकता है, हालांकि आग का वास्तविक कारण जांच में पता चलेगा।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तुरंत घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस हादसे की न्यायिक जांच के निर्देश दिए हैं ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अन्य मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर उनका उपचार जारी रखा जाए।
इस घटना में मृतकों के निकट संबंधियों के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से 25-25 लाख रुपये की अनुकंपा सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने चिकित्सा विभाग और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि आईसीयू से स्थानांतरित किए गए सभी मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया शोक, प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख की सहायता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के कटक स्थित अस्पताल में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि कटक के एक अस्पताल में हुई दुखद अग्निकांड की घटना में लोगों की मौत से वे गहरे दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कटक के अस्पताल में हुई दुखद आग की घटना में बहुमूल्य जिंदगियों के नुकसान से वे अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि कटक स्थित अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।





