‘रामायण’ के साथ प्रदर्शित होगा ‘ईथा’ का ट्रेलर, 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
मुंबई, 4 नवंबर । इस दिवाली सिनेमाघरों में दर्शकों को पौराणिक गाथा ‘रामायण’ के साथ अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईथा’ की झलक भी देखने को मिलेगी। फिल्म ‘ईथा’ का ट्रेलर ‘रामायण’ के साथ सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके जरिए दर्शकों को भारतीय संस्कृति और विरासत से जुड़ी दो अलग-अलग कहानियों की झलक एक साथ देखने का मौका मिलेगा।
भारतीय संस्कृति और कलाकार के संघर्ष की कहानी
‘रामायण’ भारतीय पौराणिक परंपरा और सदियों पुरानी आस्था से जुड़ी महागाथा है। वहीं, ‘ईथा’ एक ऐसी कलाकार के संघर्ष और सफर को पर्दे पर पेश करती है, जिसने तमाम चुनौतियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म के माध्यम से भारतीय कला, परंपरा और एक कलाकार के जज्बे को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ईथा’
निर्माताओं को उम्मीद है कि ‘रामायण’ के साथ ‘ईथा’ का ट्रेलर प्रदर्शित होने से फिल्म को व्यापक दर्शकों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। श्रद्धा कपूर अभिनीत यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






