अब पटना हाईकोर्ट में मिलेगी स्वास्थ्य संबंधित आधुनिक सुविधाएं

Share

  • मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने हाईकोर्ट परिसर में स्वास्थ्य डिस्पेंसरी के विस्तार पटल का किया उद्घाटन
  • इससे यहां के जज से लेकर वकील और तमाम कर्मियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

पटना: पटना हाईकोर्ट परिसर में स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं का विस्तार किया गया है। मुख्य न्यायाधीश श्री संगम कुमार साहू ने कोर्ट परिसर में मौजूद स्वास्थ्य केंद्र के विस्तार पटल का उद्घाटन सोमवार को किया। इस स्टेट डिस्पेंसरी की विस्तारित सुविधाओं की शुरुआत होने से यहां कार्यरत न्यायाधिशों से लेकर अधिवक्ताओं समेत सभी स्तर के कर्मियों को काफी सुविधा होगी, खासतौर से किसी आपात स्थिति में यह अस्पताल चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराने में सक्षम होगा। यह पहल न्यायिक तंत्र से जुड़े सभी व्यक्तियों के स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उद्घाटन के बाद मुख्य न्यायाधीश ने नव-विकसित चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री सुधीर सिंह, न्यायामूर्ति श्री राजीव रंजन प्रसाद, न्यायमूर्ति मोहित कुमार साह समेत अन्य न्यायाधीश मौजूद थे। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह के अलावा हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता, कर्मी समेत अन्य भी मौजूद थे।
मुख्य न्यायाधीश ने नवनिर्मित विस्तार पटल में लगाए गए एक्स-रे केंद्र, फिजियोथेरेपी केंद्र, दवा वितरण केंद्र और डिस्पेंसरी का मुआयना किया। इस नए विस्तारित भवन में चिकित्सा पदाधिकारी या डॉक्टर के अलावा विशेषज्ञ डॉक्टर रोस्टर के आधार पर मरीजों का इलाज करेंगे। यहां एक क्यूआर स्कैनर भी लगाया गया है, जिस पर कोई व्यक्ति स्कैन करके डॉक्टर के उपलब्ध रहने का समय के साथ ही किस दिन कौन से डॉक्टर देखेंगे, इसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस नए चिकित्सा केंद्र में रोस्टर के आधार पर त्वचा रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, होमियोपैथी समेत अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर रोजाना बैठेंगे। जबकि, स्त्री रोग विशेषज्ञ सोमवार, फिजिशियन मंगलवार, हड्डी रोग विशेषज्ञ बुधवार, ह्रद्य रोग विशेषज्ञ गुरुवार और नेज्ञ रोग विशेषज्ञ शुक्रवार को बैठेंगे। इस तरह की चिकित्सीय सुविधा शुरू होने पर अधिवक्ता संघों ने खासतौर से हर्ष व्यक्त किया है। एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह की सुविधा परिसर में उपलब्ध होने से यहां के वकीलों के साथ कर्मियों को भी काफी सहूलियत होगी। वहीं, लॉयर एसोसिएशन के महासचिव राजीव कुमार सिंह एवं संयुक्त सचिव शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब एक्स-रे मशीन यहां लगने से लोगों को इसके लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिजिथेरेपी के अलावा मुफ्त दवा और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श की सुविधा बहाल होने से सभी लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31