भोपाल, 29 अप्रैल। मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 16 लोगों का गुरुवार सुबह अलग-अलग गांवों में अंतिम संस्कार किया गया। नयापुरा, सेमलीपुरा और रामपुरा गांवों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिकअप पलटने से हुआ था हादसा
यह दुर्घटना इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास हुई, जहां मजदूरों से भरा तेज रफ्तार पिकअप वाहन टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर कई बार पलटा और डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार पिकअप में करीब 46 लोग सवार थे। कई घायलों को गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज धार और निजी अस्पतालों में जारी है।
पीएम और सीएम ने जताया दुख
नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
वहीं डॉ. मोहन यादव ने भी संवेदना जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
सभी मृतकों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रशासन ने घायलों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की है।






