झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र: सर्वदलीय बैठक में दिखी सहमति, 4 अगस्त को पेश होगा पूरक बजट

Share

RANCHI : झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र आज से शुरू होने जा रहा है, सत्र के सुचारू संचालन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में सदन की कार्यवाही को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने पर आम सहमति बनी।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें उम्मीद है यह सत्र सार्थक रहेगा और विपक्ष रचनात्मक सहयोग करेगा। उन्होंने राज्य में हाल ही में हुई भारी बारिश का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावित लोगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा हमें उम्मीद है कि सत्र के दौरान जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा होगी और हम सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेंगे।

जानकारी के अनुसार मॉनसून सत्र में कुल पांच कार्य दिवस होंगे, इस सत्र का सबसे अहम दिन 4 अगस्त को होगा जब वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला पूरक बजट पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बजट में राज्य सरकार विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त फंड का प्रावधान कर सकती है।

सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव, राजद के सुरेश पासवान, आजसू पार्टी के निर्मल महतो समेत अन्य दलों के नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने सदन की गरिमा बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएंगे, लेकिन सदन की मर्यादा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। माना जा रहा है कि विपक्ष इस सत्र में भारी बारिश से उत्पन्न हालात, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में देरी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश कर सकता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031