रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को 17वें दिन भी जारी रहा। रविवार को सरकार और छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का निर्णय लिया।
बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े छात्र
विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद हजारों छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और नई विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, हालांकि पुलिस की ओर से किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया।
जगन्नाथपुर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की, जहां दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन लगातार छात्रों को समझाने में जुटा रहा, लेकिन बड़ी संख्या में छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे।

पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा की ओर मार्च
प्रदर्शनकारी छात्र ‘विधानसभा घेराव’ मार्च के तहत रांची की पुरानी विधानसभा बिल्डिंग के पास बैरिकेड तोड़कर नई विधानसभा की ओर कूच कर रहे हैं। शहर के कई हिस्सों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
छात्रों ने उठाए सवाल
मार्च में शामिल छात्रों ने प्रशासन की सख्ती पर सवाल उठाए। एक छात्र ने कहा कि रांची पहुंचने से पहले कई जगहों पर छात्रों को रोका गया, बसों और बाइकों की सख्त जांच की गई ताकि वे आंदोलन में शामिल न हो सकें।
छात्रों का कहना है कि जब तक सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए जाते, वे पीछे नहीं हटेंगे।
एक अन्य छात्र ने नाराजगी जताते हुए कहा, “हमारी गाड़ी का नंबर नोट किया गया। क्या हम आतंकवादी हैं? क्या हम इस राज्य के नहीं हैं? सरकार हमसे दूरी क्यों बना रही है? मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जवाब देना होगा।”
अनशनकारी देवेंद्र महतो एंबुलेंस से रवाना
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र महतो 8 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। स्वास्थ्य बिगड़ने के बावजूद वे एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

आंदोलन और तेज होने के संकेत
छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांगों—भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पारदर्शी प्रक्रिया—पर सरकार जब तक ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रांची में हालात को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है।






