पटना। बिहार की राजनीति में अब Gen Z यानी नई युवा पीढ़ी को साधने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) से युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।
निशांत कुमार ने युवा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें Gen Z तक पार्टी की नीतियां और सरकार के कामों को पहुंचाने की अपील की।
युवाओं को बताएं बिहार के बदलाव की कहानी: निशांत
बैठक के दौरान निशांत कुमार ने युवा नेताओं से कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए विकास कार्यों की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नीतीश कुमार की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराने की जरूरत है, ताकि उन्हें बिहार के बदलाव की पूरी तस्वीर पता चल सके।
उन्होंने कहा कि आज 20 से 25 वर्ष के युवाओं को वर्ष 2005 से पहले के बिहार की स्थिति की जानकारी नहीं है। ऐसे में उन्हें यह बताना जरूरी है कि उस समय राज्य में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली जैसी व्यवस्थाओं की क्या स्थिति थी।
कानून व्यवस्था और विकास कार्यों का किया जिक्र
मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सबसे पहले राज्य में कानून का राज स्थापित किया गया। इसके बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य क्षेत्रों में सुधार के लिए काम किए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समेत सभी वर्गों के विकास के लिए योजनाएं लागू कीं।
Gen Z को पार्टी से जोड़ने की तैयारी
निशांत कुमार ने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे जनता तक पार्टी के कार्यों और नीतियों को पहुंचाएं। खासतौर पर Gen Z के युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “आज युवाओं के साथ संवाद हुआ। हमारी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को बिहार के विकास की जानकारी देने की जरूरत है।”
आगामी चुनावों में युवाओं की अहम भूमिका
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, आने वाले चुनावों में युवा मतदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। इसी को देखते हुए सभी राजनीतिक दल Gen Z को अपने साथ जोड़ने की रणनीति बना रहे हैं।
JDU भी अब युवा वोटरों तक पहुंच बढ़ाने और नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने की दिशा में सक्रिय नजर आ रही है।






