नई दिल्ली, 12 सितंबर। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। वह पालम एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत आए जिनपिंग
राष्ट्रपति शी जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए हैं। वह भारत की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले दो दिवसीय 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग, वैश्विक चुनौतियों और आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मोदी-जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-चीन संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।
गलवान संघर्ष के बाद दोनों देशों के संबंधों में आए तनाव के बीच इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कड़ी सुरक्षा के बीच सम्मेलन स्थल पहुंचेंगे
नई दिल्ली पहुंचने के बाद चीनी राष्ट्रपति को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होटल ले जाया जाएगा। इसके बाद वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम पहुंचेंगे। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सात साल बाद भारत दौरे पर शी जिनपिंग
शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत पहुंचे हैं। वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुए संघर्ष के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है।
चीनी मीडिया ने शनिवार सुबह जिनपिंग के नई दिल्ली के लिए रवाना होने की जानकारी दी थी, हालांकि उनकी रवानगी से जुड़ी कोई तस्वीर तत्काल सामने नहीं आई थी।






