पलामू। सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव के ठोस आश्वासन पर एनएचएम कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन शुक्रवार को खत्म हो गयी। सिविल सर्जन ने बकाया वेतन भुगतान सात दिनों के भीतर कर देने का आश्वासन दिया गया। ऐसे में सभी कर्मियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।
इसके पूर्व बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस बीच सीएस ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए कार्यालय में बुलाया। वार्ता में प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह भी शामिल थे।
वार्ता के क्रम में बताया गया कि एएनएम सोनी कुमारी का डबल अकाउंट चला गया था। इस कारण भुगतान में तकनीकी अड़चनें आ रही थीं। इस फाॅल्ट को ढूंढ लिया गया है और एक सप्ताह के भीतर बकाया तीन महीने का भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी कर्मी काम पर लौट आए।
ठोस आश्वासन मिलने पर सभी कर्मियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया, लेकिन कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर तीन महीने का वेतन नहीं मिला तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।
कर्मियों ने आंदोलन में सहयोग के लिए प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह ने पत्रकारों का आभार जताया।
उल्लेेेेखनीय है कि नवंंबर 2025 से फरवरी 2026 तक के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर पलामू के एनएचएम कर्मी गुरूवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। मांगों पर जोर डालने के लिए पहले दिन एमएमसीएच में धरना प्रदर्शन किया था। उनकी हड़ताल से स्वास्थ्य व्यवस्था पर असर पड़ा था।
पलामू एनएचएम संघ के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने कहा कि लंबे समय से वेतन भुगतान की मांग की जा रही थी। अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार हड़ताल के पहले दिन आनन फानन में एक माह का वेतन दिया, लेकिन पूरा बकाया नहीं मिला। सीएस अगर ठोस आश्वासन नहीं देते तो आन्दोलन जारी रहता।
मौके पर प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह ने कहा कि वेतन भुगतान के लिए गुरूवार से ही सक्रियता दिखायी गयी। एक माह का भुगतान कराया गया। तीन माह का जल्द करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मी सेवा भाव से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सेवा देते हैं, ऐसे में उनका वेतन रोकना कही से भी न्यायसंगत नहीं है।
सीएस डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेजरी से जानकारी मिली है कि एएनएम सोनी कुमारी का डबल अकाउंट चला गया था। इस कारण भुगतान में तकनीकी अड़चन आ रही थी जिसे ठीक किया जा रहा है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में वेतन भुगतान हो जाएगा।
धरना प्रदर्शन में चंचला कुमारी, शबाना, सुजीत कुमार, चन्दन कुमार, अनुज श्रीवास्तव, श्रीपति, रंजन कुमार, दुर्गेश सिंह, सुजीत मिंज सहित अन्य शामिल थे।





