बांग्लादेश में सियासी हलचल, पीएम पद के दावेदार रहमान बोले– आज से हम सब स्वतंत्र

Share

ढाका। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) अध्यक्ष और देश के अगले प्रधानमंत्री पद के दावेदार तारिक रहमान ने हालिया संसदीय चुनाव में अपनी पार्टी की जीत को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बलिदान देने वालों की जीत है।

डेली स्टार के मुताबिक शनिवार को ढाका के एक होटल मे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारिक कहा, “आज से हम सभी स्वतंत्र हैं, स्वतंत्रता और अधिकार सही अर्थों में बहाल हो गया है। यह जीत उन लोगों की है जिन्होंने लोकतंत्र के लिए बलिदान दिया है।”

उन्होंने कहा, “हमारे रास्ते और विचार भले अलग-अलग हों लेकिन देश के हित में हमें एकजुट रहना चाहिए। मेरा दृढ़ विश्वास है कि राष्ट्रीय एकता हमारी सामूहिक शक्ति है, जबकि विभाजन हमारी कमजोरी है।”

तारिक ने देश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश में लोकतंत्र की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया है। देश एक ऐसे हालात में अपनी यात्रा शुरू करने जा रहा है, जिसमें पिछले शासन द्वारा छोड़ी गई नाजुक अर्थव्यवस्था, कमजोर संविधान एवं संस्थाएं और पूरी तरह से बर्बाद कानून-व्यवस्था जैसी समस्याएं हैं।

उन्होंने देश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी स्वस्फूर्त सक्रिय भागीदारी से डेढ़ दशक से अधिक समय के बाद देश में प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से जनता के प्रति जवाबदेह संसद और सरकार की पुनर्स्थापना हुई है।

उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि हमें यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी ताकत देश में तानाशाही की पुनः स्थापना न कर सके और राष्ट्र एक गुलाम राज्य न बन जाए, हमें एकजुट रहना होगा और जनता की इच्छा का सम्मान करना होगा।

तारिक ने कहा कि चुनाव में कुल 51 राजनीतिक दलों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि परिणामों की परवाह किए बिना, राष्ट्रीय चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्येक राजनीतिक दल बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा, “एक लोकतांत्रिक राज्य और राजनीतिक व्यवस्था में राजनीतिक दल ही लोकतंत्र के सच्चे प्रतीक होते हैं।”

बीएनपी अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी स्थिति से जिम्मेदार भूमिका निभाते हैं तो देश में लोकतंत्र निश्चित रूप से संस्थागत रूप ले लेगा। उन्होंने कहा, “मैं चुनाव में भाग लेने वाले सभी लोकतांत्रिक राजनीतिक दलों से आह्वान करता हूं कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में आपके विचार और दृष्टिकोण हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं।”

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031