राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु झारखंड दौरे पर पहुंचीं रांची, तीन दिनों के लिए शहर में कड़ी सुरक्षा 

Share

रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे के तहत रविवार की शाम रांची पहुंच गईं। वह विशेष विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजधानी रांची में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट से लेकर लोकभवन तक पूरे रूट लाइन पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से निकलने से पहले ही सुरक्षाकर्मी पूरी तरह अलर्ट मोड में थे। करीब 20 से 25 मिनट के भीतर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित रूप से लोकभवन पहुंच गया।

लोकभवन पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रपति का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन से संपूर्ण लोकभवन परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण व्याप्त है। उन्होंने राष्ट्रपति के झारखंड प्रवास को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार की रात लोकभवन में ही विश्राम करेंगी। इसके बाद सोमवार को वह सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। दोनों स्थानों पर निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति पुनः रांची लौटेंगी और रात्रि विश्राम लोकभवन में ही करेंगी।

अपने दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को राष्ट्रपति गुमला जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर संबंधित जिलों में भी प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

राष्ट्रपति का यह तीन दिवसीय झारखंड दौरा राज्य के सामाजिक, प्रशासनिक और विकासात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930