भाजपा कार्यालय में सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, एक से 25 दिसंबर तक घर-घर पहुंचेंगे सेवा दूत; केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की देंगे जानकारी
पटना, 25 नवंबर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने नेतृत्व में देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। उनके नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। बिहार में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार विकास कार्यों को गति देकर राज्य को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखा है। इसी तरह बिहार को वर्ष 2037 तक समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की अपील की।
धारा 370 की समाप्ति और राम मंदिर को बताया ऐतिहासिक कार्य
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा संघर्ष और जनसेवा के रास्ते पर चलते हुए आज इस मुकाम तक पहुंची है। पार्टी ने अपनी विचारधारा के अनुरूप कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण प्रमुख है।
उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बिहार में भी एनडीए सरकार इसी सोच के साथ बुनियादी सुविधाओं, सामाजिक कल्याण और औद्योगिक विकास पर काम कर रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर खर्च होंगे 22 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण, पुराने आवासों के जीर्णोद्धार और अन्य बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए काम किया जा रहा है। इस दिशा में लगभग 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में 65 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 43 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि शेष आवासों पर काम जारी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में प्रत्येक घर में शौचालय का निर्माण कराया गया है।
1.92 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली
मुख्यमंत्री ने बिजली और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बिहार में 1 करोड़ 92 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। इस योजना पर राज्य सरकार करीब 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च कर रही है।
उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन के तहत 1 करोड़ 9 लाख लाभार्थियों को हर महीने की 10 तारीख को 1,100 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता देकर उनके जीवन को बेहतर बनाना है।
औद्योगिक विकास और बिजली उत्पादन बढ़ाने पर जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को भी गति दी जा रही है। बक्सर में कोका-कोला बॉटलिंग प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री स्थापित की गई है। इसके अलावा नवादा, बांका, किशनगंज, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में भी सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान में राज्य में लगभग 10 हजार मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। सरकार ने वर्ष 2030 तक 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे राज्य में उद्योगों के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ उन्हें पर्याप्त ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एक से 25 दिसंबर तक घर-घर जाएंगे सेवा दूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सेवा दूत घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को देंगे। वे आम नागरिकों से संवाद करेंगे और यह पता लगाएंगे कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।
अभियान के दौरान लोगों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को भी एकत्र किया जाएगा, ताकि उन्हें सरकार तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही तरीके से लोगों तक पहुंचना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए।
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा अभियान का समापन
सेवा दूत अभियान का समापन 25 दिसंबर को होगा। इसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से सरकार के कार्यों और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी तथा जनता का विश्वास मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को दें और यह भी पता करें कि सभी पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ ठीक ढंग से मिल रहा है या नहीं। सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता के सामने रखें और लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करें।
संगठन को मजबूत करने और सभी वर्गों को जोड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है और पार्टी को आम लोगों के लिए सुलभ बनाना है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याएं सुनें और सरकार तक पहुंचाएं। योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर लोगों से फीडबैक लें, ताकि जहां कमी हो, उसे दूर किया जा सके।
सम्राट चौधरी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से शुरू हुई कार्यशाला संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मददगार होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भावना के साथ जिम्मेदारी निभाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील की।






