विशेष सत्र के पहले दिन सरकार ने पेश किया संकल्प, मौजूदा मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया पर जताई चिंता; सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद नए सिरे से एसआईआर कराने की मांग
रांची, 25 नवंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और खान एवं खनिज विकास संशोधन विधेयक (एमएमडीआर) पर चर्चा के लिए बुधवार को बुलाए गए झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन सदन में जोरदार गतिरोध देखने को मिला। एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार ने सदन में संकल्प पेश कर इसका विरोध किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार की ओर से संकल्प सदन के पटल पर रखा। संकल्प में मौजूदा एसआईआर प्रक्रिया पर गंभीर चिंता जताते हुए इसे रोकने और सभी राज्यों तथा राजनीतिक दलों से व्यापक विचार-विमर्श के बाद पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नए सिरे से लागू करने की मांग की गई।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही शुरू की। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने एसआईआर को लेकर राज्य सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर योग्य मतदाताओं को संदेहास्पद श्रेणी में डालना गंभीर चिंता का विषय है। सरकार का कहना है कि मौजूदा प्रक्रिया में दस्तावेजों और तकनीकी विसंगतियों के कारण बड़ी संख्या में वास्तविक मतदाताओं को परेशानी हो रही है।
2.64 करोड़ मतदाताओं में प्रारूप सूची में 2.21 करोड़ नाम
सदन में पेश संकल्प के अनुसार, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं, जबकि प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ नाम प्रकाशित किए गए हैं। सरकार ने दावा किया कि प्रारूप सूची में शामिल मतदाताओं में लगभग 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।
राज्य सरकार के संकल्प में यह भी दावा किया गया है कि झारखंड के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे लोग हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं अथवा उन्हें संदेहास्पद मानकर नोटिस जारी किया गया है। सरकार के मुताबिक, नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगतियों और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं।
आदिवासी बहुल राज्य की परिस्थितियों का दिया हवाला
सरकार ने एसआईआर के विरोध में झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। संकल्प में कहा गया कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है और यहां बड़ी आबादी ऐसे समुदायों की है, जिन्हें जरूरी दस्तावेज जुटाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
विशेष रूप से पीवीटीजी यानी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लोगों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव बड़ी चुनौती बताया गया है। सरकार का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में एसआईआर लागू करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो।
प्रवासी मजदूरों, विद्यार्थियों और महिलाओं की परेशानी पर चिंता
संकल्प में दूसरे राज्यों में काम करने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों और बाहर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। सरकार के अनुसार, काम और शिक्षा के सिलसिले में राज्य से बाहर रहने वाले लोगों के लिए निर्धारित समय में जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराना और पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल हो सकता है।
इसके अलावा बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भी इस प्रक्रिया में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सरकार ने कहा कि इन वर्गों की परिस्थितियों को ध्यान में रखे बिना पुनरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से छूटने का खतरा है।
पश्चिम बंगाल के एसआईआर का भी दिया उदाहरण
राज्य सरकार ने अपने संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए एसआईआर का उदाहरण भी पेश किया। संकल्प के मुताबिक, वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और अपीलों के निपटारे के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
सरकार ने आशंका जताई कि यदि झारखंड में भी इसी तरह की स्थिति पैदा होती है तो बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं को अपने नाम जुड़वाने और मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए कठिन प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है।
एसआईआर के सिद्धांत के खिलाफ नहीं, प्रक्रिया बदलने की मांग
राज्य सरकार ने संकल्प में स्पष्ट किया है कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है। सरकार की आपत्ति मौजूदा प्रक्रिया और उसके क्रियान्वयन के तरीके को लेकर है।
संकल्प में मांग की गई है कि वर्तमान एसआईआर प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा की जाए। इसके बाद पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए तथा पर्याप्त तैयारी के साथ नए सिरे से पुनरीक्षण कराया जाए।
संविधान के अनुच्छेद 326 का किया उल्लेख
सरकार ने अपने संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी प्रक्रियागत जटिलता या दस्तावेजी कमी के कारण किसी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
सरकार का कहना है कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना जरूरी है, लेकिन इस प्रक्रिया में वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा सदन का संकल्प
संसदीय कार्य मंत्री ने सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए मौजूदा एसआईआर प्रक्रिया पर पुनर्विचार की आवश्यकता बताई। सरकार ने प्रस्ताव रखा है कि सदन में चर्चा के बाद पारित संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग सहित सभी सक्षम प्राधिकारों को भेजा जाए, ताकि राज्य की चिंताओं और सुझावों पर विचार किया जा सके।
विशेष सत्र के पहले दिन एसआईआर को लेकर सरकार के संकल्प और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग के कारण सदन का माहौल गरमाया रहा। वहीं, विशेष सत्र में खान एवं खनिज विकास संशोधन विधेयक पर चर्चा भी प्रस्तावित है।






