विश्व बाल दिवस पर 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, बाल विवाह, बाल श्रम, माहवारी स्वच्छता, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर साझा किए अनुभव
रांची: विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकारों, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, अपने सपनों और भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के साथ खुलकर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों की जिज्ञासाओं और सवालों को गंभीरता से सुना तथा उनके विचारों और सुझावों पर संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखी।
बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को अपने स्कूलों और समुदायों में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने, स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के अपने अनुभव साझा किए।
बाल अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों पर रखी बात
संवाद के दौरान बाल पत्रकारों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाने के प्रयासों के बारे में बताया।
बच्चों ने अपने समुदायों में सामाजिक बदलाव लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों और सामने आने वाली चुनौतियों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया तथा सरल शब्दों में बच्चों की जिज्ञासाओं को दूर करने का प्रयास किया।
सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के विषय पर समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे विद्यार्थियों को पढ़ाने पर अधिक ध्यान दे सकें।
उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से भी बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

जिलों में पुस्तकालय निर्माण, बच्चों को मिलेगा पढ़ने का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य के विभिन्न जिलों में पुस्तकालयों के निर्माण का काम चल रहा है। शिक्षा बच्चों के जीवन में बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उनमें सही और गलत के बीच अंतर समझने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने, ज्ञान हासिल करने और अपने विचारों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, शिक्षा बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करती है।
बाल विवाह को बताया सामाजिक और प्राकृतिक रूप से अनुचित
बाल विवाह के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध होने के साथ-साथ प्रकृति के भी विरुद्ध है। कम उम्र में विवाह के कारण बच्चियों के साथ-साथ लड़कों को भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बच्चों की शादी निर्धारित उम्र में ही कराने पर जोर देते हुए समाज में इस कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की। बाल विवाह रोकने के लिए बच्चों, परिवारों और समुदायों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान, छात्राओं को सैनिटरी पैड
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है, ताकि स्कूलों की वास्तविक स्थिति और बच्चों की समस्याओं को समझा जा सके।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़े और जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
‘हर बच्चे की आवाज सुनी जानी चाहिए’
यूनिसेफ के अधिकारियों और बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों की जागरूकता, आत्मविश्वास और संवाद क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाल पत्रकार जिस स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की बात रखते हैं, उससे भविष्य में अच्छे नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद जगती है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने को प्रतिबद्ध है, जहां उन्हें सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को पूरा करने के समान अवसर मिलें। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करेंगे।
बच्चों को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाना जरूरी : यूनिसेफ
यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के साथ 80 वर्षों के कार्य अनुभव के आधार पर यूनिसेफ का मानना है कि बच्चों को केवल योजनाओं और नीतियों का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भागीदार भी बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यूनिसेफ हमेशा बच्चों की आवाज की ताकत में विश्वास करता आया है और बाल पत्रकार इसका जीवंत उदाहरण हैं। बच्चों की आवाज सुनना, उनकी क्षमताओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि बाल पत्रकार कार्यक्रम ने यह साबित किया है कि बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाए, तो समाज में व्यापक बदलाव संभव है।

ये 10 बाल पत्रकार रहे मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले बाल पत्रकारों में सोनू उरांव (गवर्नमेंट हाई स्कूल, कांके), खुशबू कुमारी (परमवीर अल्बर्ट एक्का जीएमएस, सदर), तनु कुमारी (जीयूएमएस, पालू, ओरमांझी), सोफिया नुजहत (जीयूएमएस, हुरहुरी, रातू), प्रियांशी बरदियार (जीएमएस, हरमू हाउसिंग), सूरज प्रताप सिंह (जीएचएस, बोरीया, कांके), पल्लवी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डाहु, ओरमांझी), साक्षी कुमारी (जीएमएस, टीगरा नवा टोली, रातू), पंकज कुमार (गवर्नमेंट स्कूल, हरमू) और प्रियांशी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डहु) शामिल थे।
इस अवसर पर एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के साथ इस संवाद के जरिए बच्चों को अपने मुद्दे सीधे सरकार के सामने रखने का अवसर मिला। बाल अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर बच्चों की भागीदारी को इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण पहलू माना गया।






