औरंगाबाद से रिश्तेदार के घर सिरका कोलियरी पहुंचे थे दोनों बच्चे, एक को डूबता देख दूसरा बचाने के लिए नदी में उतरा और खुद भी डूब गया; पर्व की खुशियां मातम में बदलीं
रामगढ़, 18 नवंबर । छठ महापर्व की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। झारखंड के रामगढ़ जिले के सिरका कोलियरी में छठ पूजा मनाने बिहार से आए एक ही परिवार के दो बच्चों की बुधवार को दामोदर नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के भूआपुर गांव निवासी छोटू कुमार पासवान (15) और शिवम कुमार पासवान (12) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को नदी से बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सीसीएल क्वार्टर में पानी नहीं आने पर नदी में गए थे नहाने
जानकारी के अनुसार, अजय पासवान छठ महापर्व मनाने के लिए अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ रामगढ़ के सिरका कोलियरी स्थित अपने बहनोई संजय पासवान के घर आए थे। परिवार बिहार के औरंगाबाद जिले से यहां पहुंचा था। बुधवार को सभी को वापस अपने घर लौटना था।
इसी बीच सीसीएल क्वार्टर में पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण नहाने में परेशानी हुई। इसके बाद अजय पासवान अपने बेटे शिवम कुमार पासवान और भतीजे छोटू कुमार पासवान को लेकर दामोदर नदी में नहाने चले गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यह सामान्य-सी गतिविधि परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगी।
छोटू को डूबता देख बचाने नदी में उतरा शिवम
बताया गया कि दामोदर नदी में नहाने के दौरान अचानक उठी लहर की चपेट में आकर छोटू कुमार पासवान डूबने लगा। उसे संकट में देखकर शिवम कुमार पासवान उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। हालांकि, वह भी नदी की गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूबने लगा।
दोनों बच्चों को डूबता देख परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में दोनों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छठ मनाने आए थे रिश्तेदार, बुधवार को होनी थी विदाई
सिरका कोलियरी में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत संजय कुमार पासवान ने बताया कि उनका परिवार सीसीएल क्वार्टर में रहता है। छठ महापर्व के अवसर पर उनकी पत्नी रिंकू देवी ने मायके से रिश्तेदारों को पर्व मनाने के लिए बुलाया था।
अजय पासवान अपने बेटे, बेटी और भतीजे के साथ छठ मनाने सिरका पहुंचे थे। परिवार में पर्व को लेकर उत्साह था और बुधवार को सभी रिश्तेदारों की विदाई होनी थी। लेकिन दामोदर नदी में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस घर में छठ की तैयारियां और मेहमानों के स्वागत का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है।
औरंगाबाद से रामगढ़ के लिए रवाना हुए परिजन
हादसे की सूचना अजय पासवान ने परिवार के अन्य सदस्यों को दे दी है। जानकारी मिलने के बाद औरंगाबाद से परिजन रामगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। दोनों बच्चों की मौत से गांव और रिश्तेदारों के बीच भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ महापर्व मनाने आए परिवार के लिए यह यात्रा कभी न भूलने वाले दर्दनाक हादसे में बदल गई।






