एनटीपीसी परियोजना हादसा : मृतकों के परिजनों को मिलेगा 60-60 लाख रुपये मुआवजा

Share

परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर बनी सहमति, निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट टूटकर गिरने से तीन मजदूरों की मौत और दो गंभीर रूप से घायल; मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज का दिया निर्देश

चतरा, 18 नवंबर । झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में बुधवार को हुए भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट का वजन बढ़ाने के दौरान हुआ। अचानक काउंटर वेट टूटकर नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के बीच एनटीपीसी प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को 60 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति जताई। इसके बाद स्थिति शांत हुई।

मृतकों की पहचान टंडवा निवासी राजेन्द्र सोनी (52), हजारीबाग जिले के सिरसी निवासी बालेश्वर पासवान (42) और बिहार के जहानाबाद निवासी बबलू सिंह (40) के रूप में हुई है। घायलों में टंडवा के गोंदा निवासी तिलक गंझू और बिहार के औरंगाबाद निवासी रंजीत यादव शामिल हैं।

काउंटर वेट टूटकर गिरा, पांच मजदूर आए चपेट में

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट का काम चल रहा था। इस दौरान दो मजदूर ऊपर चढ़कर काम कर रहे थे, जबकि तीन मजदूर नीचे काउंटर वेट में वजन बढ़ाने के कार्य में जुटे थे। इसी बीच अचानक काउंटर वेट टूटकर नीचे गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से पांचों मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हुए।

हादसे में राजेन्द्र सोनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य मजदूरों को तत्काल एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बालेश्वर पासवान और बबलू सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आक्रोश देखा गया।

एक करोड़ रुपये मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन

हादसे के बाद मृतकों के परिजन प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान शवों को एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में रखा गया था। मृतकों की संख्या को लेकर भी कुछ समय तक असमंजस की स्थिति बनी रही।

अस्पताल में घटना की जानकारी लेने पहुंचे पत्रकारों को सीआईएसएफ के जवानों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद अस्पताल के मुख्य द्वार पर हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास और जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन ने हस्तक्षेप किया। उनके प्रयास के बाद पत्रकारों को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति मिली।

इस दौरान जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए और पत्रकारों के समर्थन में नारेबाजी की। हादसे को लेकर अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पहले 28 लाख रुपये देने का प्रस्ताव, विरोध के बाद बढ़ी राशि

हादसे के बाद संजीवनी अस्पताल में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मृतकों के परिजनों और एनटीपीसी प्रबंधन के बीच घंटों वार्ता चली। जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक मृतक के आश्रित को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी।

शुरुआत में प्रबंधन की ओर से कंपनी की तरफ से 18 लाख रुपये और बीमा के तहत 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया। इस प्रस्ताव पर परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। इसके बाद आक्रोशित लोग शवों को लेकर एनटीपीसी के मुख्य द्वार को जाम करने के लिए निकल पड़े।

स्थिति बिगड़ती देख प्रबंधन ने मुआवजे की राशि बढ़ाने पर सहमति जताई। वार्ता के दौरान प्रत्येक मृतक के आश्रित को कंपनी की ओर से 50 लाख रुपये और बीमा के तहत 10 लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति बनी।

इस तरह प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 60 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

वार्ता में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे शामिल

मुआवजे और नौकरी को लेकर हुई वार्ता में विधायक उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन दास, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, जेएमएम जिलाध्यक्ष नीलेश ग्यासेन, जिला परिषद सदस्य सुभाष यादव, मजदूर यूनियन के बिनोद बिहारी पासवान, सुनील चौरसिया, गोविंद तिवारी, सुभाष दास, जागेश्वर दास, रवि गुप्ता और नितेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।

प्रशासन की ओर से एसडीओ प्रदीप कुमार, सीओ गौरव रॉय, बीडीओ देवलाल उरांव और थाना प्रभारी विपिन कुमार भी वार्ता में शामिल हुए। सभी पक्षों के बीच बातचीत के बाद मुआवजे और नौकरी को लेकर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख, घायलों के इलाज का निर्देश

एनटीपीसी परियोजना में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

एनटीपीसी प्रबंधन ने जताया शोक, हादसे की जांच शुरू

हादसे के बाद एनटीपीसी प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रबंधन के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान मेसर्स सिम्फ्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मौत हुई है, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं।

प्रबंधन ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता एवं सहयोग का भरोसा दिया है। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

एनटीपीसी प्रबंधन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यस्थल पर सभी कर्मियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30