मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश, कहा- छठ महापर्व परिवार के प्रति समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक
रांची: लोकआस्था के महापर्व छठ की छटा पूरे झारखंड में बिखरने लगी है। चार दिवसीय इस पावन पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी छठ व्रतियों और उनके परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
एक्स पोस्ट के जरिए दिया आस्था और परंपरा का संदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर छठ महापर्व की महत्ता और इससे जुड़ी लोकआस्था की परंपराओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह परिवार के प्रति समर्पण, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्योपासना की अद्भुत परंपरा का प्रतीक भी है।
व्रतियों के त्याग और तपस्या को किया नमन
मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों के कठिन तप, त्याग और निर्जला उपवास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनकी अटूट श्रद्धा, आस्था और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। छठ महापर्व में व्रती पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की आराधना करते हैं।
भगवान भास्कर से सुख-शांति की कामना
हेमंत सोरेन ने भगवान भास्कर और छठी मइया से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश के अंत में ‘जय छठी मईया’ लिखकर सभी छठ व्रतियों को पर्व की बधाई दी।






