पटना, 13 नवंबर । बिहारवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य संरक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। नवंबर महीने में अब तक राज्यभर में सैकड़ों खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है। इस दौरान पटना में करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया, जबकि जहानाबाद में 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने शुक्रवार को बताया कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमें लगातार निगरानी और जांच अभियान चला रही हैं। इसके तहत खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित करने, खराब सामग्री जब्त करने और उसे नष्ट करने जैसी कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
पटना में लाखों रुपये का घी और खाद्य सामग्री जब्त
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नवंबर महीने में पटना सिटी के एक प्रतिष्ठान से करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया है। पटना के ही एक अन्य प्रतिष्ठान से पांच लाख रुपये का घी और 1.74 लाख रुपये मूल्य का आटा जब्त किया गया।
इसके अलावा, पटना के एक कोल्ड स्टोरेज में जांच के दौरान 6.35 लाख रुपये मूल्य के खजूर और 13.29 लाख रुपये मूल्य की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में गुणवत्ताहीन और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना है।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
निशांत ने बताया कि पटना में तीन प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया है। इन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। विभाग की ओर से खाद्य और पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच लगातार की जा रही है, ताकि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो।
जहानाबाद में 29 लाख से अधिक के खाद्य पदार्थ नष्ट
जहानाबाद जिले में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। वहीं, करीब 2.30 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। जांच के लिए आठ खाद्य नमूने भी संग्रहित किए गए हैं।
मोतिहारी में 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई जब्त
मोतिहारी में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान करीब 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा। इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा, ताकि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए विभाग में आवश्यक मानव संसाधन और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही राज्य में चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने के प्रयास भी जारी हैं। इन केंद्रों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
खाद्य कारोबारियों से गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की अपील
निशांत ने प्रदेश के सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता के साथ किसी तरह का समझौता न करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करना या उनकी गुणवत्ता से खिलवाड़ करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अनैतिक और असामाजिक कृत्य भी है।
उन्होंने कहा कि किसी के स्वास्थ्य को दांव पर लगाकर थोड़ा लाभ कमाने की कोशिश अमानवीय और अधार्मिक है। सभी खाद्य व्यवसायियों को ऐसे कृत्यों से बचना चाहिए और बिहार को स्वस्थ बनाने के अभियान में विभाग का सहयोग करना चाहिए।






