छठ महापर्व से पहले बिहार के 1.09 करोड़ बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों के खातों में पहुंची पेंशन राशि, सम्राट सरकार ने भेजे 1205 करोड़ रुपये

Share

पटना: छठ महापर्व से पहले बिहार के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि मिल गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य के कुल 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन की राशि हस्तांतरित की। इस दौरान प्रति लाभार्थी 1100 रुपये की दर से कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये भेजे गए।

प्रति लाभार्थी 1100 रुपये की दर से हुआ भुगतान

कार्यक्रम की शुरुआत में महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री के समक्ष बिहार पेंशन दिवस पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने पेंशनधारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देने के साथ ही प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

सामाजिक सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी है पेंशन योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना महज आर्थिक सहायता का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, मानवीय संवेदना और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और उन्हें सम्मान के साथ जीवनयापन करने में मदद मिल रही है।

400 से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई पेंशन राशि

सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि पहले 400 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये किया गया। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करना है।

एक महीने में जुड़े 1.36 लाख नए पेंशनधारी

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित रह गए सभी पात्र लोगों की पहचान की जाए। ऐसे लोगों को योजना से जोड़कर पेंशन का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में ही राज्यभर से 1 लाख 36 हजार 854 नए पेंशनधारी इस योजना से जुड़े हैं।

छठ को देखते हुए समय से पहले भेजी गई पेंशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि लाभार्थियों के खातों में समय पर पहुंच जाए। छठ महापर्व को देखते हुए इस बार पेंशन की राशि पहले ही भेज दी गई है, ताकि लाभार्थी अपने परिवार के साथ पर्व की खुशियां मना सकें। सरकार ने पेंशनधारियों को भरोसा दिलाया कि उनके जीवन स्तर में सुधार और बिहार को समृद्ध एवं विकसित राज्य बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह शामिल हुए।

इसके अलावा महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान, निदेशक डॉ. प्रीति सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्य के विभिन्न जिलों से जिलाधिकारी और पेंशनधारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30