पलामू, 10 नवंबर । झारखंड और बिहार में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों को अंजाम देने के आरोपित 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम से पुलिस पूछताछ कर रही है। मुंबई से गिरफ्तार कर पलामू लाए गए संजय यादव को पुलिस ने दो दिनों के रिमांड पर लिया है। पूछताछ के साथ ही उसकी निशानदेही पर नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और गोला-बारूद की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
निशानदेही पर एसएलआर राइफल और करीब 200 गोलियां बरामद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय यादव की निशानदेही पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान एक एसएलआर राइफल और करीब 200 गोलियां बरामद की गई हैं। जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के महूदंड जंगल से हथियार और सैकड़ों गोलियों की बरामदगी को पुलिस इस अभियान की अहम सफलता मान रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नक्सली संगठन ने इलाके में और कहां-कहां हथियार तथा गोला-बारूद छिपाकर रखे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से संगठन के हथियारों के ठिकानों और उसकी गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।
नक्सली दस्ते में एसएलआर लेकर चलता था संजय
बताया जाता है कि संजय यादव नक्सली दस्ते में एसएलआर लेकर चलता था। उसे संगठन के हथियारों और गोला-बारूद के ठिकानों की भी जानकारी होने की बात कही जा रही है। इसी आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि छिपाए गए हथियारों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई की जा सके।
वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में था सक्रिय
संजय यादव पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। उस पर झारखंड और बिहार में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इस तरह दोनों राज्यों में उस पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी ने की दो दिन के रिमांड की पुष्टि
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि संजय गोदराम को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि पूछताछ के दौरान नक्सली संगठन के हथियारों, गोला-बारूद और अन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई जा सके।
रिमांड के दौरान मिलने वाली जानकारी के आधार पर इलाके में सर्च अभियान और तेज किए जाने की संभावना है।






