भागलपुर, 10 नवंबर । उत्तर और पूर्वी बिहार को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु की मरम्मत और पुनर्स्थापन का काम अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। पुल के कुल चार क्षतिग्रस्त हिस्सों में से दो में स्टील गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि तीसरे हिस्से में भी गर्डर लगाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। अब निर्माण एजेंसी का पूरा ध्यान चौथे और अंतिम क्षतिग्रस्त हिस्से पर है। यह हिस्सा भागलपुर छोर पर स्थित है, जहां अगले दो से तीन दिनों के भीतर भारी स्टील गर्डर लॉन्च करने की तैयारी चल रही है।
तीन हिस्सों में गर्डर लगाने का काम लगभग पूरा
कार्यस्थल पर मौजूद तकनीकी कर्मियों के अनुसार, तीसरे क्षतिग्रस्त हिस्से में गर्डर लॉन्चिंग की प्रक्रिया शनिवार को शुरू हुई थी, जो अब समाप्ति की ओर है। इसके बाद चौथे हिस्से में गर्डर स्थापित करने का काम शुरू होगा। इसके लिए पिलरों पर नई बेयरिंग लगाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
मरम्मत योजना के तहत चारों प्रभावित हिस्सों में दो-दो स्टील गर्डर लगाए जा रहे हैं। चौथे हिस्से में भी गर्डर लॉन्चिंग पूरी होते ही सभी चार क्षतिग्रस्त स्पैन पर नए स्लैब की ढलाई शुरू कर दी जाएगी।
15 दिसंबर तक स्लैब ढलाई पूरी करने का लक्ष्य
निर्माण एजेंसी ने 15 दिसंबर तक चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों में स्लैब की ढलाई पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए कार्यस्थल पर निर्माण और तकनीकी गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। गर्डर लगाने के बाद स्लैब निर्माण का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
गंगा से हटाए जा रहे अस्थायी सपोर्ट
मरम्मत कार्य में प्रगति के साथ ही गंगा नदी के भीतर बनाए गए अस्थायी ढांचे को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिन हिस्सों में स्टील गर्डर सफलतापूर्वक स्थापित हो चुके हैं, वहां कमजोर स्लैब को सहारा देने के लिए नदी में खड़े किए गए लोहे के मोटे गोलाकार बीम यानी सपोर्ट निकाले जा रहे हैं।
इसके अलावा पुल का संरचनात्मक भार कम करने के उद्देश्य से पुरानी भारी आरसीसी रेलिंग और फुटपाथ को काटकर हटाने का काम भी समानांतर रूप से चल रहा है। इस काम को नवंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। पुरानी संरचनाओं की जगह हल्के स्टील के फुटपाथ और नई सुरक्षा रेलिंग लगाई जाएगी।
जनवरी 2027 में परिचालन बहाल होने की उम्मीद
उल्लेखनीय है कि मई महीने में पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद से 4.7 किलोमीटर लंबे विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित है। इससे भागलपुर सहित उत्तर और पूर्वी बिहार के लाखों लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इंजीनियरों के अनुसार, 15 दिसंबर तक स्लैब की ढलाई पूरी होने के बाद कंक्रीट को मजबूती देने के लिए 28 दिनों तक क्योरिंग की जाएगी। इसके बाद लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन सभी चरणों के पूरा होने के बाद जनवरी 2027 में मकर संक्रांति के आसपास पुल पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
यदि निर्धारित समयसीमा के अनुसार काम पूरा होता है, तो नए साल में विक्रमशिला सेतु से आवागमन बहाल होने से लाखों लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।






