पानीपत-खटीमा हाईवे पर तड़के हुआ हादसा, हिसार से हरिद्वार जा रहा था परिवार; मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर, 09 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। पानीपत-खटीमा हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
तितावी थाना क्षेत्र में तड़के पांच बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब पांच बजे तितावी थाना क्षेत्र के पास हुआ। कार में सवार परिवार हरियाणा के हिसार से उत्तराखंड के हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और हाईवे पर बने डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई। इसके कुछ ही देर बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में फंसे छह लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने कार में आग लगी देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद कार से शवों को बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।
कार नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान की कोशिश
फिलहाल हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और परिवार के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सीओ फुगाना नरेंद्र यादव ने बताया कि हिसार में रह रहे परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके और उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी जा सके।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर में हुए इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने की प्रक्रिया जारी है।






