ए–क्स पर संस्कृत श्लोक साझा कर दिया निष्पक्षता और सदाचार का संदेश, बोले- सभी प्राणियों के प्रति समान भाव रखना जरूरी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समानता, निष्पक्षता और न्याय के महत्व को रेखांकित करते हुए सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत श्लोक साझा किया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सभी प्राणियों को समान दृष्टि से देखते हैं, काम और क्रोध से मुक्त रहते हैं तथा कभी न्याय के मार्ग से विचलित नहीं होते, वही सच्चे अर्थों में सत्पुरुष कहलाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ”समाः सर्वेषु भूतेषु कामक्रोधविवर्जिताः। न्यायमार्गं न मुञ्चन्ति ते वै सत्पुरुषाः स्मृताः।” इस श्लोक का भावार्थ है कि सभी जीवों के प्रति समान भाव रखने वाले, निजी स्वार्थ और क्रोध से दूर रहने वाले तथा न्याय के रास्ते पर अडिग रहने वाले व्यक्ति ही श्रेष्ठ और सदाचारी होते हैं।
श्लोक के जरिए समानता और सदाचार का संदेश
प्रधानमंत्री की इस पोस्ट में समाज के प्रत्येक व्यक्ति के प्रति समान व्यवहार और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया है। श्लोक के माध्यम से उन्होंने ऐसे व्यक्तित्व को सच्चा सत्पुरुष बताया, जो किसी के साथ भेदभाव नहीं करता और निजी भावनाओं या स्वार्थ को न्याय के रास्ते में बाधा नहीं बनने देता।
उनका यह संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब देशभर में दीपावली का उत्सव मनाया गया। त्योहार के बाद साझा किए गए इस श्लोक में नैतिक मूल्यों, सद्भाव और निष्पक्ष आचरण पर जोर दिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलकर दी थी दीपावली की शुभकामनाएं
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। राष्ट्रपति भवन की ओर से भी एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की गई थी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई दी थी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की थी। उन्होंने विश्वास जताया था कि भारतीय मूल्यों से प्रेरित युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देंगे।
वीडियो संदेश में देशवासियों को दी थी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को वीडियो संदेश के माध्यम से भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कामना की थी कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ मनाई थी दीपावली
दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ भी त्योहार मनाया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि माओवादी आतंक और नक्सली खतरे का समाप्त होना देश की सही नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जीत है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार से भी मुलाकात की थी तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं।






