पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में शनिवार तड़के यात्रियों से भरी निहारिका बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस औरंगाबाद से जोड़ा जा रही थी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने चालक और खलासी पर दुर्घटना के बाद उन्हें सड़क किनारे असहाय छोड़कर मौके से चले जाने का आरोप लगाया है।
चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका
यात्रियों के अनुसार, बस में केवल एक ही चालक मौजूद था, जो लंबी दूरी तक वाहन चला रहा था। यात्रियों ने आशंका जताई कि लगातार गाड़ी चलाने के कारण चालक को नींद आ गई होगी, जिससे बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दुर्घटना के बाद यात्रियों को सड़क किनारे छोड़ने का आरोप
हादसे के बाद यात्रियों ने चालक और खलासी के व्यवहार पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि दुर्घटना होते ही दोनों मौके से चले गए और यात्रियों की मदद करने या उनके लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था करने का प्रयास नहीं किया।
यात्रियों के मुताबिक, बस में महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे खड़े होकर दूसरे वाहनों का इंतजार करते रहे। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे में किसी यात्री की मौत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन-से कारण जिम्मेदार हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।






