मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में मौजूद सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) की गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी एएसआई फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। एसपी ने आरोपी की सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को अपनी ओर से 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की है।
महिला के घर में मौजूद था एएसआई, ग्रामीणों ने घेरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव स्थित पुलिस पिकेट के पास हुई। वहां तैनात एएसआई गांव की एक महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान कुछ सतर्क ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर बाहर से घेर लिया।
बताया जाता है कि वहां से निकलने के प्रयास में एएसआई ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से चार ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत
गोलीबारी की सूचना मिलने पर बाबूबरही थानाध्यक्ष गश्ती वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, मधुबनी पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई। वहीं, अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-वन और सदर-टू घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक और घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली।
एएसआई निलंबित, बर्खास्तगी की कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने बताया कि आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है।
एसपी के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल के माध्यम से उसे कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित
फरार एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसपी योगेंद्र कुमार ने आरोपी के संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को अपनी ओर से 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। फिलहाल पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।






